MGCU के MBA विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षण श्रंखला संपन्न

  • विद्यार्थियों के संचार कौशल, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता एवं विषय की समझ का किया मूल्यांकन

मोतिहारी

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रबंधन विज्ञान विभाग द्वारा एमबीए चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए कॉर्पोरेट जगत में सफलता हेतु आवश्यक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से एक विशेष प्रशिक्षण श्रृंखला के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 17 अप्रैल 2026 को समूह चर्चा (Group Discussion) सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समसामयिक एवं प्रबंधन से संबंधित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस सत्र के दौरान विद्यार्थियों के संचार कौशल, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता एवं विषय की समझ का मूल्यांकन किया गया। सत्र के समापन पर विभागाध्यक्ष प्रो. सपना सुगंधा ने विद्यार्थियों को समूह चर्चा के महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे स्पष्ट अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण पर मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके साथ ही डॉ. कमलेश कुमार एवं डॉ. राजीव रंजन चौबे ने भी विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन हेतु उपयोगी सुझाव दिए।
बता दें कि इस प्रशिक्षण श्रृंखला के अंतर्गत इससे पूर्व दिनांक 9 अप्रैल 2026 को मॉक इंटरव्यू सत्र का आयोजन किया गया था, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक साक्षात्कार प्रक्रिया के लिए व्यावहारिक रूप से तैयार करना था। यह सत्र विभागाध्यक्ष प्रो. सपना सुगंधा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिवेंद्र सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर अरुण कुमार, गेस्ट फैकल्टी डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. राजीव रंजन चौबे, सुश्री श्री बाला एवं श्री प्रसून श्रीवास्तव ने इंटरव्यू पैनल की भूमिका निभाई।

इस कार्यक्रम में विभाग के शोधार्थी भी उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। विभाग द्वारा विद्यार्थियों के कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी क्षमताओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, जिससे वे भविष्य में कॉर्पोरेट क्षेत्र की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *