तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने और उकसावे वाली भाषा इस्तेमाल करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। शुक्रवार शाम को विधाननगर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने राजीव सरकार नामक एक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता राजीव सरकार ने गत पांच मई को बागुईआटी थाने में शिकायत दी थी। उसी शिकायत के आधार पर अभिषेक के खिलाफ कुल छह धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान अभिषेक बनर्जी ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे राज्य में अराजकता की स्थिति पैदा हो सकती थी।

पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192, 196, 351(2) और 353(1)(c) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उन पर जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123(2) और 125 भी लगाई गई है। पुलिस की एफआईआर में कहा गया है कि आरोपित ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में विपक्षी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया था।

शिकायतकर्ता राजीव सरकार ने कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस दोबारा सत्ता में लौटती, तो आम लोगों पर हमले हो सकते थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी शिकायत किसी भी तरह से राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है।

राजीव सरकार खुद को समाजसेवी बताते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *