Homeअन्तर्राष्ट्रीयबीएलए का दावा, आठ दिन में 26 पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी मारे

बीएलए का दावा, आठ दिन में 26 पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी मारे

इस्लामाबाद। बलोचिस्तान को पाकिस्तान से अलग कराने के लिए सशस्त्र अभियान चला रहे बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पाकिस्तान की सेना को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। बीएलए के प्रवक्ता जैंद बलोच ने मीडिया को भेजे बयान में कहा कि संगठन के लड़ाकों ने बलोचिस्तान में आठ दिनों के दौरान 22 अलग-अलग स्थानों पर हमले किए। इन हमलों में पाकिस्तान के 26 सैन्य अधिकारियों को मार गिराने का दावा किया गया है।

द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, बीएलए ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना ने हाल में सोराब और पंजगुर में निर्दोष लोगों तथा कैदियों के खिलाफ कार्रवाई की। जैंद बलोच ने 16 अगस्त की देर शाम जारी बयान में कहा कि इसके जवाब में विद्रोहियों ने पाकिस्तान सेना और कथित मौत के दस्तों के ठिकानों को निशाना बनाया। संगठन ने इस दौरान एक सदस्य को पकड़ने का भी दावा किया है।

थानों और सुरक्षा चौकियों को बनाया निशाना

जैंद बलोच के अनुसार, बीएलए के लड़ाकों ने कई थानों, सुरक्षा चौकियों और पुलों को विस्फोट कर नष्ट किया। संगठन ने नौ सरकारी वाहनों को भी नष्ट करने का दावा किया है। इन घटनाओं के दौरान बीएलए के दो कमांडर भी मारे गए। संगठन के मुताबिक, 9 से 16 अगस्त के बीच हुई झड़पों में सैन्य ठिकानों और थानों से बड़ी संख्या में हथियार भी कब्जे में लिए गए।

12 अगस्त को दिन के समय चगाई में चेथर थाने को विस्फोट से उड़ाने का दावा किया गया। इसी दिन रात में कलात के रुडिंजो इलाके में सैन्य वाहनों पर हमला किया गया, जिसमें 17 अधिकारियों और जवानों को मारने का दावा बीएलए ने किया।

मस्तंग और खुजदारी में हेलीकॉप्टर से कार्रवाई का दावा

रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने सोमवार सुबह मस्तंग और खुजदारी में हेलीकॉप्टरों से गोलाबारी की और ड्रोन से हमले किए। क्वेटा में अफगान सेना के एक पूर्व कमांडर की गोली लगने से मौत की भी जानकारी सामने आई है। स्थानीय सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि ड्रोन रिहायशी इलाकों में दागे गए। इन घटनाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments