Homeअन्तर्राष्ट्रीयनेपाल में नागपंचमी पर्व की धूम, नागस्थलों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नेपाल में नागपंचमी पर्व की धूम, नागस्थलों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

काठमांडू। श्रावण शुक्ल पंचमी के अवसर पर नेपाल में सोमवार को नागपंचमी पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले इस पर्व पर काठमांडू के नागपोखरी, टौदह, भक्तपुर के सिद्धपोखरी समेत देशभर के विभिन्न नागस्थानों, नागदह और कुंडों में पूजा-अर्चना, जल अर्पण और प्रसाद वितरण के अनुष्ठान किए जा रहे हैं। श्रद्धालु सुबह से ही पूजा सामग्री लेकर इन धार्मिक स्थलों पर पहुंच रहे हैं।

परंपरा के अनुसार नागपंचमी पर घर के मुख्य द्वार पर नाग का चित्र चिपकाया जाता है। इसके बाद नाग देवता को गाय का दूध, दूब, अक्षत, खीर और रोटी आदि अर्पित कर पूजा की जाती है। नाग पूजा की परंपरा वैदिक काल से चली आ रही मानी जाती है।

बारिश और समृद्धि की कामना से होती है नाग पूजा

वैदिक मान्यता के अनुसार नाग सर्पों के राजा माने जाते हैं। जनविश्वास है कि नाग देवता के क्रोधित होने से वर्षा प्रभावित हो सकती है और पानी की कमी हो सकती है। इसी मान्यता के चलते नागपंचमी पर अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए नाग देवता की पूजा की जाती है।

नागों का संबंध भगवान विष्णु और भगवान शिव से भी माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव नाग को अपने गले में माला के रूप में धारण करते हैं। वहीं भगवान विष्णु के शेषनाग की शय्या पर क्षीरसागर में शयन करने का वर्णन धार्मिक ग्रंथों में मिलता है।

भक्तपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

नागपंचमी के अवसर पर भक्तपुर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। पारंपरिक बाजे-गाजे और सांस्कृतिक झांकियों के साथ स्थानीय लोग उत्साहपूर्वक पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं। विभिन्न नागस्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और धार्मिक आयोजनों से पर्व का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments