इंदौर : मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। रिंग रोड स्थित गुलाब बाग पेट्रोल पंप पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने भिंड के रहने वाले एक युवक, अभितेंद्र सिंह तोमर की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने फिल्मी स्टाइल में कार का पीछा किया और मौका मिलते ही अंधाधुंध फायरिंग कर रफूचक्कर हो गए।
पेट्रोल पंप पर रुकी कार और शुरू हो गई फायरिंग
घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, भिंड के गोविंद नगर का निवासी अभितेंद्र सिंह तोमर फिलहाल इंदौर के महालक्ष्मी नगर में रहकर ठेकेदारी का काम करता था।
रात में वह अपने भाई अमन सिंह के साथ कार से कहीं जा रहा था। जैसे ही उनकी कार गुलाब बाग पेट्रोल पंप पर रुकी, तभी दो बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने कार को घेर लिया। बिना किसी बातचीत के बदमाशों ने अभितेंद्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। कई गोलियां लगने के कारण अभितेंद्र ने कार के भीतर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी तेजी से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसीपी पराग सैनी और टीआई राजकुमार यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
भिंड से इंदौर तक जुड़ी कड़ियां: पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस दुस्साहसिक हत्याकांड के पीछे पुरानी दुश्मनी और बदले की भावना है।
- विष्णु यादव हत्याकांड का कनेक्शन: मृतक अभितेंद्र सिंह तोमर साल 2024 में भिंड में हुए चर्चित विष्णु यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। वह करीब चार महीने पहले ही जेल से जमानत पर छूटकर इंदौर आया था।
- बदले की फिराक में था विरोधी गुट: पुलिस के अनुसार, विष्णु यादव की हत्या के बाद से ही विरोधी गुट बदला लेने का मौका ढूंढ रहा था। आशंका है कि मुख्य आरोपी गुलशन यादव और उसके साथियों ने पहले इंदौर में अभितेंद्र की रेकी की और फिर इस सुनियोजित मर्डर को अंजाम दिया।
पुलिस की नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीमें
हत्याकांड के बाद इंदौर पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें पेट्रोल पंप और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि शूटरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
