गुवाहाटी : घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए असम लोक सेवा (ACS) अधिकारी लाचित दास के ठिकानों पर जब विजिलेंस की टीम ने दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं। सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (Directorate of Vigilance & Anti-Corruption) द्वारा देर रात तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन में अधिकारी के घर से भारी मात्रा में कैश और सोने के आभूषणों का जखीरा बरामद किया गया है।
रेड में क्या-क्या मिला?
विजिलेंस टीम की छापेमारी में अब तक जो बड़ी जानकारियां सामने आई हैं, वे इस प्रकार हैं:
- लाखों की नकदी: अधिकारी के आवास से लगभग 50 लाख रुपये कैश (नकद) बरामद किए गए हैं।
- सोने का जखीरा: घर की तलाशी के दौरान 500 ग्राम (आधा किलो) से अधिक सोने के आभूषण भी मिले हैं।
45 हजार की घूस लेते हुए हुए थे गिरफ्तार
लाचित दास भूमि अभिलेख निदेशालय (Directorate of Land Records) में अतिरिक्त भूमि अभिलेख अधिकारी के पद पर तैनात थे। गुरुवार को सतर्कता विभाग की टीम ने एक शिकायत के आधार पर जाल बिछाया था, जहां लाचित दास को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा गया था।
जांच के घेरे में बेहिसाब संपत्ति
गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ तलाशी अभियान अब एक बड़े भ्रष्टाचार के खुलासे में बदल चुका है। जांच एजेंसियां अब बरामद हुई इस भारी-भरकम नकदी और सोने के वास्तविक स्रोतों (Sources) का पता लगाने में जुट गई हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और सरकारी विभागों में पैठ जमाए भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
