Homeअन्तर्राष्ट्रीयराजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत, 15 मिनट...

राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत, 15 मिनट तक रुकी ट्रेन

औरैया : उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर अछल्दा रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार रात एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण राजधानी एक्सप्रेस को करीब 15 मिनट तक रोकना पड़ा।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, रात करीब 9:07 बजे 12310 राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने अछल्दा स्टेशन मास्टर को सूचना दी कि डाउन लाइन पर खंभा संख्या 1117/16 के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

घटना के चलते कानपुर की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस को आउटर सिग्नल पर रोक दिया गया। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने ट्रैक से शव हटाया, जिसके बाद लगभग 15 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। घटनास्थल से एक नारंगी रंग की शर्ट, नीला लोवर और लाल रंग की बेल्ट बरामद हुई है, जबकि युवक के शरीर पर केवल नीले रंग का जांघिया था। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी फफूंद की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments