तालाब में नहाते समय बच्ची को खींच ले गया मगरमच्छ, रातभर चला रेस्क्यू अभियान

ढाका : बांग्लादेश के बागेरहाट जिले में स्थित ऐतिहासिक खानजहान अली दरगाह के तालाब में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नहाने गई सात वर्षीय बच्ची को मगरमच्छ पानी में खींच ले गया। घटना के बाद दमकल विभाग, स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने रातभर बच्ची की तलाश की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे महिला घाट पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्ची तालाब में नहा रही थी, तभी अचानक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया। बच्ची की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

दरगाह के मुख्य खादिम ने बताया कि बच्ची का नाम फातिमा है और वह अपनी दिव्यांग मां के साथ दरगाह परिसर के पास रहती थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नावों की मदद से खोजबीन शुरू की, जबकि दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

फायर सर्विस अधिकारियों के मुताबिक, तालाब में मौजूद मगरमच्छ के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। अंधेरा होने और मगरमच्छ के आक्रामक स्वभाव के चलते बचावकर्मियों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। इसके बावजूद देर रात तक तलाश अभियान जारी रखा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस हादसे के बाद एक बार फिर तालाब में मगरमच्छों को रखने की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

गौरतलब है कि खानजहान अली दरगाह का यह तालाब मगरमच्छों के लिए प्रसिद्ध है और यहां मगरमच्छ पालने की परंपरा कई सदियों पुरानी बताई जाती है। वर्तमान में तालाब में केवल एक मादा मगरमच्छ मौजूद है, जिसे पुराने मगरमच्छों की वंशज माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *