नदी किनारे संदिग्ध हालत में मिला महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी

पश्चिमी सिंहभूम : जिले के जेटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पसिया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय शांति बोबोंगा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

परिजनों के अनुसार, शांति बोबोंगा घर से करीब आधा किलोमीटर दूर नदी किनारे गई थी। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने उसे नदी के पास मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना परिजनों और गांव के लोगों को दी गई, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

मृतका के भाई विमल लागुरी ने बताया कि शांति की शादी करीब 15 वर्ष पहले माटा बोबोंगा से हुई थी और उनके पांच बच्चे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी होने की बात ग्रामीणों ने बताई है, जिसके बाद शांति घर से निकल गई थी।

सूचना मिलने पर जेटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। ग्रामीणों ने सबसे पहले गांव के मुंडा को घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

जेटिया थाना प्रभारी बॉस मुंडू ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *