Homeझारखंडझारखंड में गर्मी और उमस से बढ़ी परेशानी, कई जिलों में येलो...

झारखंड में गर्मी और उमस से बढ़ी परेशानी, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

रांची : झारखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज धूप, उमस और बीच-बीच में हो रही बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही चिलचिलाती धूप और उमस भरे मौसम ने लोगों को बेहाल कर दिया। वहीं कई क्षेत्रों में बिजली की आंखमिचौली ने भी मुश्किलें बढ़ा दीं।

मौसम विभाग ने तीन और चार जून के लिए राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण राज्य में मौसम तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज गर्मी और उमस के बाद शाम या रात में बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है, जिससे तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के नामकुम में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची एयरपोर्ट क्षेत्र में 21.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों और आम नागरिकों को भी मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments