सुनहरा अवसर : GSRTC में 8,917 पदों पर निकली बंपर भर्ती, आज से शुरू होंगे आवेदन

गांधीनगर : गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (जीएसआरटीसी) ने बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। निगम के आधिकारिक भर्ती परिपत्र के अनुसार चालक और परिचालक (कंडक्टर) के कुल 8,917 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 4,599 चालक और 4,318 परिचालक के पद शामिल हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 6 जून से 5 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

निगम द्वारा जारी जानकारी के अनुसार चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति के शुरुआती पांच वर्षों तक 26,000 रुपये प्रतिमाह का निश्चित वेतन प्रदान किया जाएगा।

परिचालक (कंडक्टर) पद के लिए उम्मीदवार का 12वीं (10+2) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। उम्मीदवार के पास आरटीओ से मान्यता प्राप्त वैध कंडक्टर लाइसेंस और बैज होना जरूरी है। साथ ही दृष्टि सामान्य होना भी आवश्यक है।

वहीं चालक पद के लिए भी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। इस पद के लिए आयु सीमा 25 से 35 वर्ष रखी गई है तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष तक की छूट प्रदान की जाएगी। पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 162 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए यह 160 सेंटीमीटर होगी। महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 158 सेंटीमीटर तय की गई है। चालक पद के लिए रंग-अंधता (कलर ब्लाइंडनेस) नहीं होनी चाहिए।

पुरुष अभ्यर्थियों के पास कम से कम चार वर्ष पुराना हेवी ड्राइविंग लाइसेंस, बैज और डीजल वाहन चलाने का चार वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। वहीं महिला उम्मीदवारों के लिए हेवी लाइसेंस और बैज अनिवार्य रहेगा। जिन महिला अभ्यर्थियों के पास भारी वाहन चलाने का अनुभव नहीं होगा, उन्हें निगम के स्वचालित ड्राइविंग परीक्षण केंद्र में दो माह का विशेष प्रशिक्षण देकर नियुक्ति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *