बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में निर्माणाधीन सिंचाई परियोजना के कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेंदुर नदी पर बन रही नहर में कार्यरत अजाक्स मशीन के पलट जाने से उसके ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देर रात तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शव को मशीन के नीचे से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोटराहीटांड में नहर निर्माण कार्य के दौरान बुधवार शाम अचानक अजाक्स मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। मशीन के नीचे दबने से ऑपरेटर रामदयाल पंडो, निवासी ग्राम पचावल, की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति की जानकारी ली और मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज किया गया।
तातापानी चौकी प्रभारी एसआई उमेश सिंह के अनुसार, पहले हाइड्रा मशीन की मदद से ऑपरेटर को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद क्रेन मंगाई गई। देर रात करीब तीन बजे क्रेन की सहायता से मशीन को हटाकर शव बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
हादसे के बाद निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने भारी मशीनों से होने वाले कार्यों में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
