लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण में उत्तर प्रदेश की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश ने जनभागीदारी का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। 12 जुलाई को राज्य में एक ही दिन 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते यह उपलब्धि उनके लिए विशेष गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि देशभर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से लोग प्रकृति के प्रति अपना दायित्व निभा रहे हैं। पेड़ केवल मनुष्यों के लिए ही नहीं, बल्कि असंख्य जीव-जंतुओं का भी आश्रय होते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने जीवन के किसी विशेष अवसर को प्रकृति से जोड़ें और एक पेड़ अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया छोटा सा पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, स्वच्छ हवा और बेहतर भविष्य की अमूल्य विरासत बन सकता है।
पीएम के उल्लेख पर मुख्यमंत्री योगी ने जताया आभार
प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में उत्तर प्रदेश का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाने का प्रधानमंत्री द्वारा उल्लेख किया जाना प्रदेश की जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक चेतना का सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने साबित किया है कि प्रकृति के प्रति संवेदनशील समाज ही ‘विकसित भारत’ की मजबूत आधारशिला रख सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश हरित विकास, प्रकृति संरक्षण और जनभागीदारी के इस राष्ट्रीय अभियान को आगे भी नई ऊर्जा देता रहेगा।


