पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, आरक्षी को भी लगी गोली

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में बुधवार देर रात पुलिस और लूट के दो आरोपितों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाश तथा एक आरक्षी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती कराया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि विशेष अभियान दल और सिंधौली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट की घटनाओं में वांछित दो आरोपित मोटरसाइकिल से रिंग मार्ग के रास्ते भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस दल ने बाबा त्रिलोकीनाथ मंदिर के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दोनों संदिग्धों को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन वे वाहन मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी। बदमाशों की गोली लगने से आरक्षी सुनील घायल हो गए, जबकि एक गोली पुलिस वाहन के अगले शीशे में भी लगी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पीलीभीत जिले के दियोरिया कलां थाना क्षेत्र के पिपरिया संजरपुर गांव निवासी राम और उसका भाई श्याम पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे, कारतूस, दो जोड़ी कुंडल तथा एक जोड़ी झुमके बरामद किए हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों ने 27 मई और 30 मई को सिंधौली क्षेत्र तथा 7 जून को पुवायां क्षेत्र में हुई छिनैती की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपितों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने निगरानी तंत्र और सीसीटीवी फुटेज की सहायता ली थी।

उन्होंने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *