नीमा बिहार राज्य परिषद् के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात

मोतिहारी।

नीमा बिहार राज्य परिषद् के सात सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से शिष्टाचार भेंट कर आयुष चिकित्सकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नीमा बिहार राज्य परिषद् के सचिव डॉ. आलोक कुमार ने किया। बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से “बिहार लघु एवं मध्यम स्वास्थ्य सेवा प्रतिष्ठान (स्थापना एवं पंजीकरण) विनियमन, 2026ʼʼ के संबंध में आयुष चिकित्सकों की व्यवहारिक कठिनाइयों एवं चिंताओं को मंत्री के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राज्य के अधिकांश आयुष चिकित्सक ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सीमित संसाधनों के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ऐसे में विनियमन के अंतर्गत प्रस्तावित अनेक प्रावधान छोटे आयुष चिकित्सालयों एवं औषधालयों के लिए अनुपालन करना अत्यंत कठिन होगा।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आग्रह किया कि आयुष चिकित्सकों की विशिष्ट परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उक्त विनियमन में आवश्यक संशोधन किए जाएं तथा नीति निर्माण एवं जिला स्तरीय समितियों में नीमा के प्रतिनिधियों को भी उचित प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाए। इसके अतिरिक्त राज्य में आयुष संस्थानों में मानव संसाधन की कमी,आयुष औषधालयों के लिए आधारभूत संरचना तथा आयुष चिकित्सकों की सेवा एवं व्यवसायिक समस्याओं से भी माननीय मंत्री को अवगत कराया गया।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि आयुष चिकित्सकों की समस्याओं एवं बिहार लघु एवं मध्यम स्वास्थ्य सेवा प्रतिष्ठान विनियमन, 2026 से संबंधित मुद्दों पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी।
बैठक में नीमा बिहार राज्य परिषद् की ओर से डॉ.दिनेश्वर प्रसाद,डॉ.आलोक कुमार (सचिव, नीमा बिहार राज्य परिषद्), डॉ. अनिल विश्वकर्मा, डॉ.अनिल कुमार सिंह, डॉ.मजहर आलम, डॉ.संजय कुमार सिंह ,डॉ.बिपिन बिहारी राज्य मीडिया प्रभारी एवं सुमित शशांक (प्रवक्ता भारतीय जनता पार्टी) उपस्थित थे।
नीमा बिहार राज्य परिषद् ने स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त किया कि आयुष चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र सकारात्मक पहल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *