वाशिंगटन। अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने तीखी आलोचना के बाद ईरान युद्ध में मारे गए और घायल सैनिकों का आधिकारिक डेटाबेस अपडेट किया है। नए आंकड़ों के अनुसार, 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध में अब तक 18 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 624 सैनिक घायल हुए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पेंटागन ने शनिवार को डेटाबेस में 140 घायल सैनिकों और पिछले सप्ताह ईरानी हमलों में मारे गए चार सैनिकों का विवरण भी जोड़ा। इसके साथ ही डिफेंस कैजुअल्टी एनालिसिस सिस्टम में मृतकों और घायलों के लिए “ओवरसीज ऑपरेशन्स” नाम से नई श्रेणी भी शामिल की गई है।
आलोचना के बाद उठाया कदम
सीएनएन और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह सैनिकों के सही आंकड़े सार्वजनिक नहीं होने पर पेंटागन को मीडिया और सांसदों की आलोचना का सामना करना पड़ा। सीनेट की सशस्त्र सेवा समिति के 12 डेमोक्रेटिक सांसदों ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को पत्र लिखकर इस मामले में जवाब भी मांगा था।
डेटा व्यवधान को बताया वजह
रक्षा विभाग के कार्यवाहक प्रेस सचिव जोएल वाल्डेज ने कहा कि वेबसाइट पर अस्थायी डेटा व्यवधान के कारण सही संख्या दिखाई नहीं दे रही थी। वहीं, पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने भी स्पष्ट किया कि डिफेंस कैजुअल्टी एनालिसिस सिस्टम में तकनीकी समस्या के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई थी। उन्होंने इस मामले को लेकर प्रकाशित कुछ मीडिया रिपोर्टों पर भी सवाल उठाए।


