रांची। एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के 135वें संस्करण का रविवार को रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने श्रीलंका आर्मी की डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से हराकर शानदार शुरुआत की।
टूर्नामेंट का उद्घाटन झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। रांची में डूरंड कप के ग्रुप-सी के मुकाबले खेले जा रहे हैं।
जमशेदपुर एफसी का शानदार प्रदर्शन
उद्घाटन मैच में जमशेदपुर एफसी ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने श्रीलंका आर्मी की डिफेंडर्स एफसी को कोई मौका नहीं दिया और 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में दमदार आगाज किया।
पहली बार रांची में डूरंड कप
साल 1888 में पहली बार शिमला में आयोजित हुए डूरंड कप का रांची में पहली बार आयोजन हो रहा है। इसे लेकर शहर में खासा उत्साह देखने को मिला। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया, जबकि सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
कड़े सुरक्षा इंतजाम और सेना का शानदार प्रदर्शन
टूर्नामेंट के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम और आसपास करीब दो हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में भारतीय सेना के जवानों ने अनुशासन, साहस और शौर्य का शानदार प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टर शो और सेना की आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।


