ठाकुरगंज में दिखा दुर्लभ पैंगोलिन, देखने उमड़ी लोगों की भीड़

किशनगंज। ठाकुरगंज प्रखंड के पथरिया क्षेत्र में गुरुवार को दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन दिखाई देने से इलाके में उत्सुकता का माहौल बन गया। सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए पहुंच गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पथरिया क्षेत्र में एक अनोखा जीव दिखाई दिया, जिसका शरीर कठोर शल्कों से ढका हुआ था। पहचान होने पर पता चला कि वह पैंगोलिन है, जो बेहद दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीव माना जाता है।

पैंगोलिन के दिखने की खबर तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोग उसके फोटो और वीडियो बनाने में जुट गए। हालांकि ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए वन्यजीव को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और सुरक्षित दूरी बनाए रखी।

घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई है। जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने भी पैंगोलिन की सुरक्षा के लिए उसके आसपास निगरानी रखी।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार पैंगोलिन दुनिया के सबसे अधिक तस्करी किए जाने वाले वन्यजीवों में शामिल है। इसके शरीर पर मौजूद शल्कों के कारण इसकी अवैध तस्करी की जाती है। ऐसे में मैदानी क्षेत्र में इसका दिखाई देना वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से पैंगोलिन को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में पहुंचाने और उसके संरक्षण के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *