Homeबिहारठेला चालकों से अभद्रता के आरोप में सिपाही निलंबित

ठेला चालकों से अभद्रता के आरोप में सिपाही निलंबित

किशनगंज। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर किशनगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ड्यूटी के दौरान ठेला चालकों के साथ अभद्र व्यवहार और अनुशासनहीनता के आरोप में यह कदम उठाया गया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने किशनगंज थाना में तैनात सिपाही निभाकर चौधरी को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है।

जानकारी के अनुसार, नौ जून का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में गांधी चौक पर एक पुलिसकर्मी वाहनों और ठेलों को हटाते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो के साथ यह दावा भी किया गया था कि संबंधित पुलिसकर्मी नशे की हालत में था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। यातायात पुलिस उपाधीक्षक की जांच में संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान निभाकर चौधरी के रूप में हुई। जांच के दौरान स्थानीय लोगों और ठेला चालकों से भी पूछताछ की गई।

जांच में सामने आया कि संबंधित सिपाही ने कथित रूप से नशे की हालत में ठेला चालकों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और वाहनों व ठेलों को हटाने के दौरान अनुचित व्यवहार किया।

जांच प्रतिवेदन में सिपाही का आचरण प्रथम दृष्टया लापरवाही, मनमानी, अनुशासनहीनता और अनुचित व्यवहार की श्रेणी में पाया गया। इसके आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश भी जारी किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments