किशनगंज। टेढ़ागाछ प्रखंड के धवेली पंचायत स्थित लोधाबाड़ी में रेतुआ नदी का जलस्तर बढ़ने से निर्माणाधीन पुल के पास बनाया गया अस्थायी डायवर्सन बह गया है। इससे हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार नेपाल क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण रेतुआ नदी में अचानक जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव की चपेट में आकर निर्माणाधीन पुल के निकट बना अस्थायी डायवर्सन क्षतिग्रस्त होकर बह गया।
यह डायवर्सन आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का मुख्य रास्ता था। इसके बह जाने के बाद लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए करीब 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं कुछ लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं।
इसका सबसे अधिक असर छात्रों, किसानों, मजदूरों, मरीजों और बाजार आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है। आपात स्थिति में भी लोगों को लंबा रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि रेतुआ नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण पूरा नहीं होने के कारण लोगों की सुविधा के लिए अस्थायी डायवर्सन बनाया गया था, जो अब बह गया है। पुल निर्माण में देरी के कारण यही मार्ग लोगों के लिए एकमात्र सहारा बना हुआ था।
डायवर्सन बहने से नदी के दोनों किनारों पर बसे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। बरसात बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों ने अंचल प्रशासन से नदी में अस्थायी नाव सेवा शुरू कराने और पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की अपील की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
