कटिहार में 17-18 जून को लगेगा जन कल्याण शिविर, एक ही जगह मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सुविधाएं

कटिहार। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए 17 और 18 जून 2026 को जिले के सभी प्रखंडों में “प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर” आयोजित किया जाएगा। शिविर में आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस दो दिवसीय शिविर में आवेदन, पंजीकरण, सत्यापन, ई-केवाईसी और लाभ वितरण की सुविधा दी जाएगी। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।

शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना तथा दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

शिविर के सफल संचालन के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिविर स्थल पर सहायता काउंटर, विभिन्न विभागों के स्टॉल और स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लें और अपनी लंबित समस्याओं का समाधान कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *