Homeझारखंडमजदूरों की समस्याएं नहीं सुलझीं तो होगा बड़ा आंदोलन : रामा पांडे

मजदूरों की समस्याएं नहीं सुलझीं तो होगा बड़ा आंदोलन : रामा पांडे

पश्चिमी सिंहभूम। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने गुरुवार को गुवा खदान क्षेत्र का दौरा कर मजदूरों की समस्याओं का जायजा लिया। यूनियन पदाधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यस्थलों का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने सेल प्रबंधन पर मजदूर हितों की अनदेखी का आरोप लगाया और तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।

रामा पांडे ने कहा कि खदान क्षेत्र में कार्यरत कई ठेका मजदूरों को निर्धारित मजदूरी नहीं मिल रही है, जो श्रम कानूनों का उल्लंघन है। उन्होंने बकाया भुगतान जल्द कराने और सभी मजदूरों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कई कार्यस्थलों पर मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर किसी भी अप्रिय घटना के लिए प्रबंधन जिम्मेदार होगा।

खदान क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि नियमित जल छिड़काव नहीं होने से धूलकणों का स्तर बढ़ रहा है, जिसका असर मजदूरों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में लंबित है, इसलिए अंतिम निर्णय आने तक इसे मजदूरों पर जबरन लागू नहीं किया जाना चाहिए।

रामा पांडे ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरी, सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ खदान से लेकर मुख्यालय स्तर तक व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए यूनियन हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments