जमशेदपुर। शहर की व्यस्त सड़कों में शामिल साकची स्थित स्टेट माइल रोड पर गुरुवार को यातायात पुलिस ने अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। यातायात उपाधीक्षक नीरज कुमार पाठक के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान चौधरी बिल्डिंग के समीप सड़क पर खड़े कई वाहनों को जब्त किया गया। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटने के बाद स्टेट माइल रोड पहले की तुलना में अधिक चौड़ी नजर आई, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ और वाहनों की आवाजाही सुगम बनी।
यातायात उपाधीक्षक नीरज कुमार पाठक ने कहा कि यातायात नियम सभी के लिए समान हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी। नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े सभी वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि साकची समेत शहर के अन्य प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी अतिक्रमण हटाने और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
