रांची। झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में गुरुवार को हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने 12 और 13 जून के लिए बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 16 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
गुरुवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद घने बादल छा गए और कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के झारखंड में प्रवेश करने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची में 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो धनबाद में सबसे अधिक 40.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं रांची में 10.2 मिलीमीटर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री और न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 36.6 और न्यूनतम 27 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 43.2 और न्यूनतम 28.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 38.5 और न्यूनतम 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35.8 और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
