आर.डी. बर्मन की बायोपिक में नजर आ सकते हैं फरहान अख्तर, बड़े पर्दे पर वापसी की तैयारी

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता और फिल्मकार फरहान अख्तर जल्द ही एक नए और चुनौतीपूर्ण किरदार के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर सकते हैं। चर्चा है कि दिग्गज संगीतकार आर.डी. बर्मन के जीवन पर बनने वाली बायोपिक में फरहान अख्तर मुख्य भूमिका निभाने की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, यदि सभी योजनाएं तय समय के अनुसार आगे बढ़ती हैं तो फिल्म की शूटिंग 2026 के अंत तक शुरू हो सकती है। बताया जा रहा है कि फरहान अख्तर इस किरदार को लेकर काफी उत्साहित हैं और आर.डी. बर्मन के जीवन, व्यक्तित्व तथा संगीत यात्रा को गहराई से समझने में जुटे हुए हैं।

फिल्म का उद्देश्य भारतीय संगीत जगत के महान हस्ताक्षर आर.डी. बर्मन की विरासत को बड़े पर्दे पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना है। निर्माताओं ने उनके कई लोकप्रिय गीतों के अधिकार हासिल कर लिए हैं और उनके संगीत, गायकी तथा व्यक्तित्व को प्रामाणिक रूप से दर्शाने की तैयारी शुरू कर दी है।

निर्देशक नीरज पांडे और निर्माता कमल जैन इस बायोपिक को प्रेरणादायक और भावनात्मक अंदाज में पेश करना चाहते हैं। फिल्म में भारतीय सिनेमा और संगीत जगत पर आर.डी. बर्मन के प्रभाव को प्रमुखता से दिखाया जाएगा।

इस बीच फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म डॉन 3 भी चर्चा में बनी हुई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अभिनेता रणवीर सिंह ने कथित रचनात्मक मतभेदों के कारण फिल्म से दूरी बना ली है, जिससे परियोजना को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं, आर.डी. बर्मन की बायोपिक को फरहान अख्तर के अगले बड़े प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *