आंगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में जल्द बढ़ोतरी की उम्मीद : जय प्रकाश पांडेय

रांची। झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने दावा किया है कि केंद्र सरकार जल्द ही देशभर की आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी कर सकती है।

शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आंगनवाड़ी संघ के केंद्रीय महामंत्री अशोक कुमार सिंह नयन के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात कर आंगनवाड़ी कर्मियों की समस्याओं और मांगों को रखा।

जय प्रकाश पांडेय के अनुसार, मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी राज्यों में आंगनवाड़ी कर्मियों के मानदेय में वृद्धि को लेकर सकारात्मक पहल की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक तीन वर्ष पर नया मोबाइल फोन उपलब्ध कराने तथा मोबाइल रिचार्ज के लिए प्रतिवर्ष चार हजार रुपये की राशि स्वीकृत करने पर भी सहमति जताई गई है।

उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी मंत्री के समक्ष रखा, जिस पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन मिला है।

पांडेय ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आंगनवाड़ी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका को समझती है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *