Homeझारखंडझारखंड में मानसून की दस्तक, 19 जून तक बारिश, वज्रपात और तेज...

झारखंड में मानसून की दस्तक, 19 जून तक बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

रांची। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने झारखंड में प्रवेश कर लिया है, लेकिन फिलहाल इसका प्रभाव सीमित दिखाई दे रहा है। मानसून की दस्तक के बावजूद राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा नहीं हुई है। हालांकि संताल परगना के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली है।

मौसम विभाग ने 13 जून से 19 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सर्वाधिक वर्षा रामगढ़ के डीवीसी क्षेत्र में 15.7 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।

राजधानी रांची में शनिवार सुबह तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदला और आसमान में बादल छा गए। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।

प्रमुख शहरों में दर्ज तापमान के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 34.7 डिग्री और न्यूनतम 27.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.2 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ सकती है, जिससे वर्षा की मात्रा में वृद्धि होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments