पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले किसी उपयुक्त स्थान तक एलिवेटेड रोड बनाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री और पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
सरयू राय ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क दलमा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र से होकर गुजरती है। वन क्षेत्र होने के कारण सड़क का चौड़ीकरण आसान नहीं है, इसलिए भविष्य में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए एलिवेटेड रोड सबसे उपयुक्त विकल्प हो सकता है।
सुरक्षित और सुगम यातायात का सुझाव
उन्होंने बताया कि डिमना चौक से एमजीएम मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस पर काम शुरू होगा। वहीं एमजीएम मेडिकल कॉलेज के आगे सड़क संकरी होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, इसलिए इस हिस्से में ऊपरी पथ का निर्माण जरूरी है।
सरयू राय ने कहा कि डिमना लेक जमशेदपुर का प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। अधिकारियों के साथ चर्चा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में कोई बड़ी तकनीकी बाधा नहीं है और वन विभाग से अनुमति मिलने में भी विशेष कठिनाई नहीं होगी। उनका कहना है कि एलिवेटेड रोड बनने से पटमदा, बोड़ाम, कटिंग क्षेत्र और पुरुलिया जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।


