नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण से वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रपति अंगरक्षक (पीबीजी) ‘सोल्जराथॉन’ को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर इस पहल के संरक्षक और मिजोरम के राज्यपाल जनरल (डॉ.) वीके सिंह (सेवानिवृत्त) भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति ने कार्यक्रम के दौरान विशेष डाक आवरण भी जारी किया।
राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार ‘सोल्जराथॉन’ का आयोजन दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित करिअप्पा परेड ग्राउंड में किया गया। ‘रन फॉर सोल्जर्स, रन विद सोल्जर्स’ के विज़न पर आधारित इस पहल का उद्देश्य भारतीय सैनिकों की समर्पण भावना, साहस और बलिदान को सम्मान देना तथा नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच संबंधों को मजबूत करना है।
दौड़ का आयोजन तीन श्रेणियों में किया गया, जिसमें 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ शामिल है। इस आयोजन से प्राप्त राशि का उपयोग सशस्त्र बलों के पैराप्लेजिक पुनर्वास केंद्र, युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों के कल्याण और पीबीजी के घोड़ों तथा जवानों के सहयोग के लिए किया जाएगा।


