Homeबिहारचलती ट्रेन में गूंजी नवजात की किलकारी, सीवान स्टेशन पर ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’...

चलती ट्रेन में गूंजी नवजात की किलकारी, सीवान स्टेशन पर ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ से सुरक्षित प्रसव

सीवान। समस्तीपुर जा रही विशेष ट्रेन संख्या 04731 में मंगलवार को एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीवान रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने तत्परता दिखाते हुए ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ के तहत मां और नवजात को सुरक्षित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।

महिला यात्री ने ट्रेन में ही बच्ची को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जिले के धलमतपुर गांव निवासी संजीत साहनी अपनी पुत्री विद्या कुमारी के साथ सिरसा से समस्तीपुर जा रहे थे। यात्रा के दौरान ट्रेन के जनरल कोच में विद्या कुमारी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसी बीच ट्रेन सीवान रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां आरपीएफ को इसकी सूचना मिली।

आरपीएफ ने दिखाई तत्परता

सूचना मिलते ही पाली प्रभारी सुरेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा और कांस्टेबल विनोद कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। महिला को तत्काल ट्रेन से उतारकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर मां और नवजात बच्ची को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

परिजनों के अनुसार, यात्रा के दौरान ही महिला ने एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से मां और नवजात को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।

‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ की फिर दिखी सफलता

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ का उद्देश्य यात्रा के दौरान गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सीवान स्टेशन पर आरपीएफ की तत्परता ने एक बार फिर इस अभियान की उपयोगिता साबित कर दी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments