नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर थाना क्षेत्र स्थित करदमपुरी में एक युवती से मिलने को लेकर चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद, चाकू से किया हमला
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे करदमपुरी की गली नंबर-4 में चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि स्थानीय लोग घायलों को पहले ही गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल पहुंचा चुके हैं। अस्पताल में हुसैन (18) और रहमान (19) का उपचार चल रहा था।
पूछताछ में हुसैन ने बताया कि रहमान का करदमपुरी निवासी साजिद से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि रहमान इलाके की एक परिचित युवती से मिलने आता था, जिसे लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ था। मंगलवार को विवाद सुलझाने के उद्देश्य से रहमान अपने दोस्तों हुसैन और आमिर के साथ करदमपुरी पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और कथित तौर पर रहमान ने साजिद को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद साजिद और उसके साथियों ने हुसैन और रहमान पर चाकुओं से हमला कर दिया।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर अपराध शाखा और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान करदमपुरी के शनि बाजार निवासी 19 वर्षीय फर्दीन और वेलकम स्थित कबूतर मार्केट निवासी 19 वर्षीय काशिफ को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपितों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
