वेलिंगटन। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (एनजेडसी) ने 2026-27 सत्र के लिए अपनी केंद्रीय अनुबंध सूची जारी कर दी है। इस बार सलामी बल्लेबाज डेवन कॉनवे और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर की वापसी सबसे बड़ी चर्चा का विषय रही। वहीं पिछले सत्र में अनुबंध पाने वाले आदित्य अशोक और मोहम्मद अब्बास को इस सूची में जगह नहीं मिली है।
डेवन कॉनवे पिछले दो वर्षों से दुनिया भर की टी-20 लीगों में व्यस्त रहने के कारण न्यूजीलैंड बोर्ड के साथ सीमित समझौते के तहत जुड़े हुए थे। अब उन्होंने अगस्त 2026 से जुलाई 2027 तक राष्ट्रीय टीम के सभी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए खुद को उपलब्ध घोषित किया है। न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि कॉनवे लंबे समय से तीनों प्रारूपों में टीम के अहम खिलाड़ी रहे हैं और ऐसे समय में उनकी वापसी हुई है जब टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। केन विलियमसन के संन्यास के बाद उनका अनुभव टीम के लिए और अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
सीमित ओवर विशेषज्ञ के रूप में रहेंगे ब्रेसवेल और चैपमैन
तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन का फायदा मिला है। आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में लिए गए पांच विकेट उनके चयन का प्रमुख आधार बने। वहीं जैक फॉल्क्स और मिच हे ने भी अपना केंद्रीय अनुबंध बरकरार रखा है।
एनजेडसी ने स्पष्ट किया है कि माइकल ब्रेसवेल और मार्क चैपमैन ने टेस्ट क्रिकेट अनुबंध रैंकिंग में शामिल नहीं होने का अनुरोध किया था। दोनों खिलाड़ी अब केवल सीमित ओवर प्रारूप के विशेषज्ञ के रूप में केंद्रीय अनुबंध सूची का हिस्सा रहेंगे। बोर्ड ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले सप्ताहों में सीमित अनुबंध (कैजुअल प्लेइंग एग्रीमेंट) की घोषणा की जाएगी, जिसमें फिन एलेन, लॉकी फर्ग्यूसन और टिम सिफर्ट जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया जा सकता है।
2026-27 के लिए न्यूजीलैंड की केंद्रीय अनुबंध सूची
टॉम ब्लंडेल, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवन कॉनवे, जैकब डफी, जैक फॉल्क्स, मिच हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, विल ओ’रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिचेल सैंटनर, बेन सीयर्स, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग को केंद्रीय अनुबंध सूची में शामिल किया गया है।
