रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को डोरंडा स्थित जैप-1 मैदान में आयोजित “बुनियादी प्रशिक्षुओं का पारण परेड समारोह-2026” में शामिल होकर नव नियुक्त पुलिस उपाधीक्षकों और आरक्षियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया, परेड का निरीक्षण किया तथा विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया।
महिला भागीदारी पर मुख्यमंत्री ने जताई खुशी
रांची। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रशिक्षुओं ने लगभग 30 सप्ताह का कठिन प्रशिक्षण पूरा किया है। उन्होंने बताया कि इस बैच में अनुकंपा के आधार पर नियुक्त जवानों के साथ-साथ जेपीएससी के माध्यम से चयनित पुलिस उपाधीक्षक भी शामिल हैं।
उन्होंने विशेष खुशी जताते हुए कहा कि इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है। मुख्यमंत्री ने महिला पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य के हर क्षेत्र में पुरुषों और महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
अब केवल व्यक्ति नहीं, जनता के प्रहरी हैं जवान
मुख्यमंत्री ने कहा कि शपथ ग्रहण केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति समर्पण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वर्दीधारी जवान अब केवल अपने लिए नहीं, बल्कि राज्य की जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए समर्पित हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कर्तव्य निभाने के दौरान अनेक चुनौतियां सामने आएंगी, लेकिन पुलिस बल का दायित्व हर परिस्थिति में कानून और व्यवस्था को बनाए रखना है। मुख्यमंत्री ने अनुकंपा नियुक्ति पाए जवानों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके परिजनों ने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था और अब उस अधूरे सफर को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी इन जवानों के कंधों पर है।
कानून-व्यवस्था में दिखना चाहिए प्रशिक्षण का प्रभाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल का प्रभाव राज्य की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और संभावित चुनौतियों से निपटने में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित जवान पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ राज्य की सुरक्षा को मजबूत करेंगे।
पुलिस कर्मियों के लिए आवासीय विद्यालय और स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग के लिए आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराएगी। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस बल के कल्याण और सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी पूरा सहयोग देती रहेगी।
शानदार मार्चपास्ट और शपथ ग्रहण
समारोह के दौरान प्रशिक्षित जवानों ने आकर्षक मार्चपास्ट और कदमताल का प्रदर्शन किया। नव नियुक्त पुलिसकर्मियों को अनुशासन, संविधान के प्रति निष्ठा, राज्य सेवा, पुलिस बल की गरिमा और कर्तव्यपरायणता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में झारखंड की पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक तदाशा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
