HomeBreaking Newsजेपीएससी-जेएसएससी मुद्दे पर झारखंड विधानसभा में भारी हंगामा, कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए...

जेपीएससी-जेएसएससी मुद्दे पर झारखंड विधानसभा में भारी हंगामा, कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में मंगलवार को जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्र आंदोलन के मुद्दे पर पक्ष-विपक्ष के बीच जमकर हंगामा हुआ। दूसरी पाली में कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य आमने-सामने आ गए। तीखी नोकझोंक और नारेबाजी के बीच विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने दोपहर 2:28 बजे सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और उनकी मांगों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और फिर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी थी।

विपक्ष ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

दोपहर में कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन के बेल तक पहुंच गए। सत्ता पक्ष ने विपक्ष के खिलाफ नारे लगाए, जबकि विपक्षी विधायकों ने राज्य सरकार पर छात्रों पर लाठीचार्ज कराने का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनके साथ बल प्रयोग किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई।

शून्यकाल की सूचनाएं पढ़ी हुई मानी गईं

लगातार हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने शून्यकाल की सभी सूचनाओं को पढ़ा हुआ मानते हुए उन्हें संबंधित विभागों को भेजने का निर्देश दिया। इसके बाद कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

दूसरी पाली में भी जेपीएससी-जेएसएससी मामले को लेकर सदन में जोरदार नारेबाजी हुई। विपक्ष परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच और छात्रों की मांगों पर सरकार से जवाब मांगता रहा, जबकि सत्ता पक्ष ने विपक्ष के आरोपों का प्रतिवाद किया। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते टकराव के कारण सदन का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना रहा।

विपक्ष लंबे समय से जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग करता रहा है। मंगलवार को भी इसी मुद्दे पर विधानसभा की कार्यवाही पूरी तरह प्रभावित रही और अंततः अध्यक्ष ने सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को विपक्ष की गैरमौजूदगी में विधानसभा ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 8,399 करोड़ 31 लाख 11 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पारित किया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments