गोड्डा में घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या, पति हिरासत में

गोड्डा। जिले के राजाभीठा थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या का आरोप लगने के बाद मृतका के पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान होपनमय चौड़े के रूप में हुई है, जबकि आरोपित पति मनु हांसदा को पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मनु हांसदा नशे का आदी है और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था।

नशे की हालत में हुआ था विवाद

बताया गया कि गुरुवार देर रात आरोपित नशे की हालत में घर पहुंचा और पत्नी के साथ विवाद करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने धोती से गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज और राजाभीठा थाना प्रभारी योगेश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना में प्रयुक्त धोती भी बरामद कर ली है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के अनुसार मृतका अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वहीं आरोपित पति ने हत्या के आरोप से इनकार करते हुए दावा किया है कि उसकी पत्नी ने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की होगी।

थाना प्रभारी योगेश यादव ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *