रांची। मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून (शनिवार) को रांची जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस के दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी विद्यालयों में एक दिन के अवकाश की घोषणा की है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय 27 जून, 2026 को बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
पूर्व निर्धारित परीक्षाओं को मिलेगी अनुमति
जिन विद्यालयों में पूर्व निर्धारित परीक्षाएं आयोजित होनी हैं, उन्हें आवश्यकता होने पर परीक्षा आयोजित करने की अनुमति दी गई है। इसके लिए संबंधित विद्यालयों को परीक्षा आयोजित करने से पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), रांची को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया है।
प्रशासन ने बताया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात संचालन को सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जाएंगे।
