रामगढ़। रामगढ़ सदर अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में गुरुवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण एसी ब्लास्ट हो गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग और धुआं निकलता देख मरीजों तथा उनके परिजन घबरा गए और कई लोग अपने मरीजों को लेकर अस्पताल से बाहर निकलने लगे।
अस्पताल कर्मियों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी और शुरुआती प्रयास से आग पर काबू पाने में सफलता मिली। समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार को बताया कि लगातार उपयोग के कारण ऑपरेशन थिएटर का एसी अधिक गर्म हो गया था। इसी दौरान उसके भीतर शॉर्ट सर्किट हुआ और एसी ब्लास्ट कर गया। उन्होंने कहा कि आग ऑपरेशन थिएटर से बाहर नहीं फैली, जिससे स्थिति जल्द नियंत्रण में आ गई।
चिकित्सीय सेवाएं नहीं हुईं प्रभावित
सिविल सर्जन ने बताया कि सदर अस्पताल में कुल चार अन्य ऑपरेशन थिएटर संचालित हैं, जहां सामान्य रूप से ऑपरेशन किए जा रहे हैं। जिस ऑपरेशन थिएटर में यह घटना हुई है, उसे फिलहाल बंद रखा गया है। वायरिंग और अन्य तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही उसे दोबारा शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस घटना से अस्पताल की चिकित्सीय सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है और मरीजों का इलाज नियमित रूप से जारी है।
