पलामू। पिपरा थाना क्षेत्र के चपरवार गांव में बहू से घास काटने को लेकर हुए विवाद के बाद एक महिला ने कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में उसकी मौत हो गई।
घास काटने को लेकर हुआ था विवाद
मृतका की पहचान 55 वर्षीय लालो देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह घास काटने को लेकर बहू और सास के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद लालो देवी घर से निकल गईं और हरिहरगंज से जहरीला पदार्थ लाकर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उसका सेवन कर लिया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पहले छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
