चतरा। चतरा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लावालौंग थाना क्षेत्र के होसिर गांव से 912 किलोग्राम डोडा (पोस्ता भूसी) बरामद किया है। बरामद डोडा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि पुलिस की छापेमारी से पहले आरोपित तस्कर मौके से फरार हो गया।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर लावालौंग थाना क्षेत्र के होसिर गांव में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी जंगाली गंझू के घर से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया गया।
तस्कर की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित जंगाली गंझू फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आपूर्ति नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद डोडा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। एसडीपीओ ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी अभियान में लावालौंग थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव सहित जिला बल के जवान शामिल थे।
