सिवान। सिवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक फाइनेंसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने रास्ते में घेरकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। बाद में अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के जलालपुर-माधवपुर निवासी अखिलेश्वर सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के पुत्र नीतीश कुमार उर्फ पिकलू के रूप में हुई है। वह एक फाइनेंस कंपनी में रेपो एजेंट के रूप में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, नीतीश बुधवार सुबह तरवारा बाजार में एक सैलून में दाढ़ी बनवाने गया था। वहां से लौटते समय दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने उसे रास्ते में घेर लिया और पिस्टल से लगातार फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में नीतीश को चार गोलियां लगीं और वह सड़क पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। परिजन घायल नीतीश को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही जीबी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हत्या के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद तरवारा बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।


