Homeझारखंडस्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर

स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर, एक युवक की मौत, दो गंभीर

रिपोट : शेख अशरफ अली

सिल्ली। मुरी ओपी क्षेत्र के मुरी-गोला मुख्य मार्ग पर कुटरु के पास बुधवार सुबह करीब 11 बजे स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए सिंहपुर नर्सिंग होम रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रामगढ़ जिले के नेमरा गांव निवासी लोबीन सोरेन (21), सुभाष टुडू (19) और लखीराम सोरेन (20) एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुटरु के समीप विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मुरी ओपी पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सिल्ली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने लोबीन सोरेन को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुभाष टुडू और लखीराम सोरेन का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सिंहपुर नर्सिंग होम भेज दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर मुरी ओपी परिसर में रखा है। वहीं मृतक लोबीन सोरेन के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments