रांची। झारखंड के छह जिलों में 14 अगस्त को बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, गुमला और लोहरदगा जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 16 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इसे देखते हुए पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से 12 अगस्त तक झारखंड में कुल 492.8 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 627.6 मिलीमीटर है। इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 69.3 मिलीमीटर बारिश खूंटी जिले के तोरपा में दर्ज की गई। राजधानी रांची में 47 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान राज्य का सबसे अधिक तापमान बहरागोड़ा में 36.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह
बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और धूप निकलने के कारण गर्मी के साथ उमस भी महसूस की गई। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से अगले कुछ दिनों तक मौसम की स्थिति पर नजर रखने और विशेष रूप से ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।


