बेलफास्ट। भारत और आयरलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका नहीं मिला। टीम प्रबंधन ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव करते हुए प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का अवसर दिया।
सीरीज बचाने के लिए टीम में दो बदलाव
पहले टी20 में मिली 34 रन की हार के बाद भारत ने दूसरे मुकाबले के लिए टीम में दो बदलाव किए। वाशिंगटन सुंदर की जगह ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को मौका मिला, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा के स्थान पर तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को शामिल किया गया। पहले मैच में वाशिंगटन सुंदर बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे थे, वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने चार ओवर में 54 रन खर्च किए थे।
वैभव को करना होगा और इंतजार
आयरलैंड दौरे के लिए टीम में शामिल किए जाने के बाद से वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की काफी चर्चा थी, लेकिन दोनों मैचों में उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। ऐसे में उन्हें टीम इंडिया की कैप पहनने के लिए अब अगली श्रृंखला का इंतजार करना होगा।
भारत ने सौंपीं दो नई टी20 कैप
सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में क्रमशः 120वें और 121वें खिलाड़ी बने। पाकिस्तान के बाद भारत ऐसा दूसरा देश बन गया है जिसने इस प्रारूप में 120 से अधिक खिलाड़ियों को पदार्पण का मौका दिया है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।
