अरूप चटर्जी का पलटवार: ‘प्रिंस खान की मदद से ढुल्लू ने दुबई में बनाया साम्राज्य, जब्त हो पासपोर्ट’

धनबाद। धनबाद सांसद ढुल्लू महतो द्वारा लगाए गए आरोपों पर निरसा के पूर्व विधायक अरूप चटर्जी ने बुधवार को धनबाद परिसदन में प्रेस वार्ता कर तीखा पलटवार किया। सांसद द्वारा की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अरूप चटर्जी ने कहा कि यह न सिर्फ उनका, बल्कि कई दिग्गजों का अपमान है। उन्होंने सांसद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है, तो वे धनबाद में चल रहे कोयला कारोबार और कथित अवैध वसूली की जांच के लिए संसद में आवाज उठाएं।

दुबई भागने का दावा और पासपोर्ट जब्त करने की मांग

प्रेस वार्ता के दौरान अरूप चटर्जी ने सांसद ढुल्लू महतो पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ढुल्लू महतो का नाता भगोड़े अपराधी प्रिंस खान से जुड़ता रहा है। आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सांसद ने प्रिंस खान के सहयोग से दुबई में अपना पूरा आर्थिक साम्राज्य स्थापित कर लिया है और आगामी 2029 के चुनाव के बाद वे दुबई भाग जाएंगे। अरूप चटर्जी ने सरकार से अपील की है कि इससे पहले कि सांसद देश छोड़ें, उनका पासपोर्ट तुरंत जब्त कर लिया जाए। उन्होंने घोषणा की कि भाकपा माले संसद के आगामी सत्र में धनबाद के कोयला कारोबार की सीबीआई (CBI) जांच की मांग करेगी।

जमीन विवाद और पारिवारिक आरोपों पर दिया जवाब

विधायक ने गोविंदपुर जमीन विवाद पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वे वहां सरकारी जमीन को भू-माफियाओं से बचाने गए थे, जबकि सांसद वहां दलाली कर रहे हैं। वहीं, चाचा के साथ मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उनके चाचा खुद वहां मौजूद हैं और ऐसी कोई घटना कभी नहीं हुई। बेटियों पर की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए अरूप चटर्जी ने कहा कि उनकी दो बेटियां उनकी शान हैं और वे कोयला चोरी करने वाले कपूत बेटों से हजार गुना बेहतर हैं। इस दौरान भूमिहार समाज के लोगों और अरूप चटर्जी के परिजनों ने भी सांसद के बयानों पर गहरी आपत्ति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *