देवघर डीसी का निर्देश: 121 अनाथ व बेसहारा बच्चों को तुरंत स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ें

देवघर। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास और कल्याण से जुड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विभागीय योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीसी ने जिला बाल संरक्षण इकाई को सुदृढ़ बनाने के लिए रिक्त सभी पदों पर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया, ताकि मामलों का समयबद्ध निष्पादन हो सके।

अनाथ और बेसहारा बच्चों को मुख्यधारा में लाने पर जोर

उपायुक्त ने अनाथ, बेसहारा और कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि ऐसे चिन्हित 121 बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तत्काल स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों की समिति के माध्यम से निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को सौंपी जाए, ताकि पात्र बच्चों के विकास एवं अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। डीसी ने स्पष्ट किया कि बच्चों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में एडीएसएस सरिता भारती, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी मीरा कुमारी सहित बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के कई अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *