उपायुक्त ने देर रात सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार देर रात चाईबासा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

वार्ड और इमरजेंसी की व्यवस्थाओं की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नव-निर्मित अस्पताल वार्ड का अवलोकन कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों तथा उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को आवश्यकता के अनुसार वार्डों में अतिरिक्त पंखे और एयर कंडीशनर (एसी) लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती प्रत्येक मरीज को समय पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इलाज के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

ब्लड सेंटर की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

उपायुक्त ने सदर अस्पताल स्थित ब्लड सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिले में ‘प्रोजेक्ट जागृति’ के तहत लगातार स्वैच्छिक रक्तदान अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पहले की तुलना में ब्लड सेंटर की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि केंद्र को और सुदृढ़ बनाने के लिए जल्द ही आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस, सिविल सर्जन सहित अस्पताल प्रबंधन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *