Homeझारखंडराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भरा एसआईआर गणना प्रपत्र, मतदाताओं से समय पर...

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भरा एसआईआर गणना प्रपत्र, मतदाताओं से समय पर सत्यापन कराने की अपील

रांची। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को स्वयं गणना (एन्यूमरेशन) प्रपत्र भरकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को सौंपा। दोनों ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर एसआईआर प्रक्रिया पूरी करने और मतदाता सूची में अपना सत्यापन सुनिश्चित कराने की अपील की।

राज्यपाल ने बीएलओ को सौंपा गणना प्रपत्र

लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-16 की बीएलओ मंजू कच्छप को हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र सौंपा। इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार, जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत भी मौजूद रहे।

राज्यपाल ने कहा कि जब बीएलओ घर-घर गणना प्रपत्र लेकर पहुंचे, तो सभी पात्र नागरिक उसे सही तरीके से भरकर हस्ताक्षर सहित तुरंत जमा करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने एसआईआर अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों को सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

29 जुलाई तक चलेगा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान

राज्य में 30 जून से 29 जुलाई तक चलने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत करीब 2 करोड़ 64 लाख 63 हजार 236 मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को दो-दो गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए हैं। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करेंगे। प्रपत्र में पहले से दर्ज मतदाता विवरण का सत्यापन और हस्ताक्षर अनिवार्य होगा।

मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने भी भरा प्रपत्र

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आवासीय कार्यालय में एसआईआर गणना प्रपत्र भरकर हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ को सौंपा। इस दौरान उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर जमा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से समय पर एसआईआर प्रपत्र भरने और मतदाता सूची में अपनी जानकारी का सत्यापन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है।

लोगों से जागरूकता बढ़ाने की अपील

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपने परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी एसआईआर अभियान में शामिल होने और समय पर प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments