खिलौना पिस्टल से लूटपाट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामद

पलामू। पलामू जिले की रामगढ़ थाना पुलिस ने खिलौना पिस्टल दिखाकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक और मोबाइल लूटकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर प्लस बाइक, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक समेत कई सामान बरामद किए हैं।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि बेनीडीह गांव के कबरा बथान निवासी सूरजदेव भुईयां ने 23 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 जून की रात करीब आठ बजे सरहुआ से घर लौटते समय तिनकोनिया मोड़ के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने मारपीट कर उनकी स्प्लेंडर प्लस बाइक (जेएच-14पी-5442) और वीवो मोबाइल लूट लिया था।

मामला दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और सबसे पहले चंदन कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटा गया मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक (जेएच-03एयू-5407) बरामद की गई।

खिलौना पिस्टल और अन्य सामान भी जब्त

चंदन कुमार से पूछताछ के बाद पुलिस ने अक्षय कुमार रजक और अंकुर कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई स्प्लेंडर बाइक चैनपुर थाना क्षेत्र के भड़गांव स्थित एक रिश्तेदार के घर से बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया खिलौना पिस्टल, चार मोबाइल फोन, लूटी गई बाइक का नंबर प्लेट, दोनों लुकिंग ग्लास, एक प्लास, एक स्क्रू ड्राइवर और दो रिंच भी जब्त किए हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपी रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी गांव स्थित धोबी टोला के निवासी हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *