Homeबिहारबसवरिया गांव की मुख्य सड़क जलजमाव और अतिक्रमण से बदहाल

बसवरिया गांव की मुख्य सड़क जलजमाव और अतिक्रमण से बदहाल

पश्चिम चम्पारण (बगहा)। पश्चिम चंपारण जिले में लौरिया-रामनगर राज्य राजमार्ग स्थित बसवरिया चौक से गौनाहा तक जाने वाली बसवरिया गांव की मुख्य सड़क इन दिनों अतिक्रमण और जलजमाव के कारण बदहाल हो गई है। बरसात के मौसम में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा रहने से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाइक, साइकिल और छोटी सवारी से चलने वाले लोग आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बसवरिया गांव में मुख्य सड़क का अधिकांश हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में है। अतिक्रमण के कारण सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण का काम बाधित है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से पूर्व में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी, लेकिन कार्रवाई पूरी नहीं होने के कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

नाला नहीं बनने से सड़क पर जमा हो रहा पानी

नाला नहीं बनने के कारण बरसात का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। कई स्थानों पर करीब तीन फीट तक पानी लग जाने से सड़क तालाब जैसी स्थिति में बदल जाती है। पानी और कीचड़ के बीच वाहनों के आवागमन से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर लंबे समय तक जलजमाव रहने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाने, सड़क किनारे नाला निर्माण कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाया तो बरसात के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से स्थल का निरीक्षण कर अतिक्रमण के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने और सड़क को जलजमाव व कीचड़ से मुक्त कराने की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments