रांची में सड़क पर शराब पीने वालों और नियम तोड़ने वाले पब-बार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रांची। राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने शनिवार देर रात विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे शराब पीने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले पब-बार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया।

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शराब दुकानों के बाहर लोग वाहन खड़े कर खुलेआम शराब पीते हैं और हुड़दंग करते हैं। इससे राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायतों के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित शराब दुकानों के बाहर औचक जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए कड़ी चेतावनी भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

पब और बार की भी हुई जांच

इसी अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के करीब एक दर्जन पब और बार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संचालन समय, लाइसेंस की शर्तों और अन्य वैधानिक नियमों के अनुपालन की जांच की गई।

पुलिस ने कहा कि जिन पब और बार में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *